
कुशीनगर। महराजगंज और कुशीनगर ज़िले के सीमावर्ती क्षेत्र में नारायणी नदी पर पुल न होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर लोकसभा सांसद विजय कुमार दूबे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर नारायणी नदी पर स्थायी पुल निर्माण की मांग की है। सांसद ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया है कि नारायणी नदी के पार आधा दर्जन से अधिक ग्रामसभाएँ स्थित हैं। इन गांवों के लोगों के पास नदी पार करने का कोई पुख्ता साधन उपलब्ध नहीं है। बरसात के समय नदी में जलस्तर बढ़ जाने से आवाजाही पूरी तरह ठप हो जाती है और ग्रामीणों को 40 किलोमीटर घूमकर बिहार के रास्ते बल्मीकिनगर होकर आना-जाना पड़ता है। सांसद ने यह भी कहा कि पिछले वर्ष बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने स्वयं देखा था कि स्थानीय जनता को नदी पार करने में कितनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तत्कालीन समय में अस्थायी व्यवस्था के रूप में नौका संचालन और वैकल्पिक इंतज़ाम किया गया था, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। ग्रामीणों की मांग है कि स्थायी समाधान के लिए नदी पर पक्का पुल बनाया जाए। सांसद विजय कुमार दूबे ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए नारायणी नदी पर शीघ्र पुल निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके और उनके जीवन में सुविधा सुनिश्चित हो सके। नारायणी नदी पर पुल न होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोज़मर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं। अब देखना यह होगा कि मुख्यमंत्री स्तर पर इस पत्र पर कितनी जल्दी कार्रवाई होती है और कब तक ग्रामीणों को पुल का तोहफा मिलता है।


