
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
शादी के 50 दिन बाद नवविवाहिता की हत्या, दहेज के दानव ने फिर ली बेटी की जान
प्रशासनिक सख्ती की दरकार, दोषियों पर हो त्वरित कार्रवाई
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बतरौली धुरखड़वा से जुड़ा एक हृदयविदारक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। शादी के महज 50 दिन बीतने के बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। इस घटना ने न सिर्फ मृतका के परिवार को तोड़कर रख दिया, बल्कि समाज और प्रशासन की जिम्मेदारियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2025 को मृतका कुमारी सोनी, पुत्री ग्रहण कुशवाहा, निवासी ग्राम बतरौली धुरखड़वा थाना विशुनपुरा जनपद कुशीनगर की शादी मुन्ना उर्फ बुलेट कुशवाहा, पुत्र रामेश्वर कुशवाहा, निवासी ग्राम मुरगवहां, पोस्ट दवनहां, थाना धनहां (बिहार) के साथ हुई थी। विवाह के बाद सोनी अपने ससुराल मुरगवहां, थाना धनहां में रह रही थी। शादी को अभी सात सप्ताह भी पूरे नहीं हुए थे कि उसकी मौत की खबर ने मायके में कोहराम मचा दिया।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या का सीधा आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही सोनी को दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। आए दिन मांगें बढ़ाई जा रही थीं और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा था। आखिरकार उसी दहेज की भूख ने एक नवविवाहिता की जान ले ली।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के माता-पिता बदहवास हालत में ससुराल पहुंचे, जहां मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग खुलेआम कह रहे हैं कि जब तक दहेज के मामलों में कठोर और त्वरित कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।
यह मामला केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि प्रशासन के लिए कड़ी चेतावनी है। अब आवश्यकता है कि बिहार व उत्तर प्रदेश पुलिस आपसी समन्वय से निष्पक्ष जांच करे, दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाए।
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर प्रशासन से मांग करता है कि इस जघन्य अपराध में शून्य सहनशीलता अपनाई जाए, ताकि समाज में एक सख्त संदेश जाए और भविष्य में कोई और बेटी दहेज की भेंट न चढ़े।

