
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट
ठकराहाँ (पंच.): प्रखंड ठकराहाँ के ग्राम पंचायत कोइरपट्टी अंतर्गत मलाही टोला निवासी युवा समाजसेवी एवं भावी मुखिया प्रत्याशी समीर आलम ने ग्राम पंचायत के समग्र व निष्पक्ष विकास का संकल्प लेते हुए मुखिया पद का चुनाव लड़ने की घोषणा की है। दूरभाष पर बातचीत में समीर आलम ने बताया कि ग्राम पंचायत की सम्मानित जनता के आग्रह, विश्वास और निरंतर प्रोत्साहन के कारण उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, “जब जनता पुकारे तो उसकी बात को टालना संभव नहीं होता। यह मेरा कर्तव्य है कि उनके विश्वास पर खरा उतरूं।”
समीर आलम का पहला पोस्टर जैसे ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर सामने आया, वैसे ही क्षेत्र में उत्साह की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में एक नई उम्मीद जागृत हुई है। समर्थकों का मानना है कि समीर आलम ग्राम पंचायत को नई दिशा और गति दे सकते हैं।
वर्तमान में सऊदी अरब में कार्यरत समीर आलम ने बताया कि वह शीघ्र ही अपना कार्य समेटकर गांव लौटेंगे और पूरी तरह जनता की सेवा व पंचायत के विकास में समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा, “ऊपर वाले की कृपा से मेरे पास जो भी है, वह जनता की अमानत है। ‘मिशन 2026’ के तहत हमारा लक्ष्य स्पष्ट है—कोइरपट्टी को एक आदर्श और विकसित ग्राम पंचायत बनाना। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह लक्ष्य अवश्य सफल होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता श्री नेसार अहमद का सपना है कि ग्राम पंचायत कोइरपट्टी विकास, भाईचारे और समानता का प्रतीक बने। किसी भी नागरिक के साथ जाति या धर्म के नाम पर भेदभाव न हो, हर व्यक्ति को सम्मान और समान अवसर मिले—यही उनकी प्राथमिकता होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, स्वच्छता, रोजगार और पारदर्शी प्रशासन उनके एजेंडे का मूल आधार रहेगा।
समीर आलम ने जनता द्वारा मिल रहे अपार स्नेह, समर्थन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इसे शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते। उनका संकल्प स्पष्ट है—“मेरा प्रयास होगा कि पंचायत का हर विकास कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और जनहित में हो, ताकि कोइरपट्टी एक मिसाल बन सके।”

