
दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में मंगलवार को नए अधीक्षक अमित राय ने विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया। उनके पदभार ग्रहण करते ही अस्पताल परिसर में मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों के बीच साफ-साफ संतोष और उम्मीद की लहर देखी गई। लंबे समय से बेहतर चिकित्सा व्यवस्था और अनुशासित संचालन की अपेक्षा कर रहे लोगों को नई नेतृत्वशैली से नई शुरुआत की आशा बंधी है।
अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद अमित राय ने अस्पताल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ कहा कि उनके कार्यकाल का प्राथमिक लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, अनुशासन और मरीजों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहज़े में यह भी कहा कि “क्षेत्र में यदि कोई अवैध अस्पताल, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड सेंटर या निजी क्लीनिक नियम विरुद्ध संचालित पाए गए, तो जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
अमित राय ने साफ संदेश दिया कि CHC दुदही को अव्यवस्थाओं और दलाल तंत्र से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी मरीज को परेशानी नहीं होने दी जाएगी और यदि अस्पताल में किसी भी सुविधा की कमी होगी तो उसे प्राथमिकता से वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय कर पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि “सरकारी अस्पताल जनता की सेवा के लिए है, इसलिए हर मरीज का इलाज सम्मान और संवेदना के साथ किया जाएगा।” अधीक्षक ने स्टाफ से समयपालन, साफ-सफाई, दवा वितरण, रजिस्टर अपडेट और आपातकालीन सेवाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए अधीक्षक के नेतृत्व में CHC दुदही में स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को अब विश्वसनीय व बेहतर इलाज मिलेगा।
