

विलेज फास्ट टाइम्स जनपद कुशीनगर
दिनांक – 25 दिसंबर 2025
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के सख्त निर्देशों एवं मार्गदर्शन में जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर चल रहा “नो हेलमेट, नो फ्यूल अभियान” अब जागरूकता की जगह चेतावनी बन चुका है। दिनांक 19 दिसंबर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक चलने वाली इस मुहिम के तहत आज पडरौना शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर प्रभारी यातायात एवं यातायात कर्मियों ने जागरूकता के साथ कड़ी प्रवर्तन कार्यवाही को अंजाम दिया।
सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर एक अनोखा नजारा देखने को मिला — हेलमेट पहनकर आए बाइक सवारों के चेहरे पर गर्व चमक रहा था, वहीं बिना हेलमेट वाले वाहन चालक हैरानी, उलझन और पछतावे में टंकी के पास खड़े नजर आए, क्योंकि नियम साफ था — “सिर सुरक्षित, तब ही पेट्रोल सुरक्षित।”
यातायात टीम ने लोगों को समझाया कि हेलमेट सिर्फ जुर्माने से बचने का हथियार नहीं, बल्कि जीने का सुरक्षा कवच है। अभियान के दौरान माइक्रोफोन से घोषणाएं, पंपों पर बैनर, पर्चों का वितरण और मौके पर ही कड़ी चेतावनी दी गई। कई जगह बिना हेलमेट वालों को कतार से बाहर कर दिया गया, जिससे नियम तोड़ने वालों को संदेश साफ मिला —
“लापरवाही की नहीं चलेगी, सड़क सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं!”
इस दौरान राहगीरों ने भी अभियान की सराहना की और कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ नियम नहीं, बल्कि जनहित में उठाया गया जीवित रहने का संकल्प है। यातायात प्रभारी ने दो टूक कहा —
“हेलमेट नहीं? तो पेट्रोल नहीं! सड़क पर सुरक्षा सर्वोपरि, भावनाओं से नहीं सुरक्षा से चलेगा सिस्टम।”
विलेज फास्ट टाइम्स की अपील:
“अपनी जान को जानें – हेलमेट से दोस्ती करें, सड़क को सुरक्षित बनाएं!”
(रिपोर्ट – विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर)
