
कुशीनगर जनपद के खड्डा तहसील क्षेत्र स्थित पनियहवा पुल पर अब रील बनाने वालों की खैर नहीं। उप जिलाधिकारी खड्डा ने इस संबंध में कड़े निर्देश जारी किए हैं।
बताया जा रहा है कि पनियहवा पुल, जो कि नेपाल सीमा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मार्ग है, आए दिन रील मेकरों और युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लालच में बड़ी संख्या में युवा यहां पहुंचकर खतरनाक तरीके से वीडियो शूट करते हैं। कई बार सड़क पर अचानक रुक जाने या पुल के किनारे खड़े होकर स्टंट करने से गंभीर हादसों की स्थिति पैदा हो जाती है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने इसकी शिकायत प्रशासन से की थी।
इसी को देखते हुए उप जिलाधिकारी खड्डा ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि पनियहवा पुल पर किसी भी कीमत पर रील बनाने की अनुमति न दी जाए। नियम का उल्लंघन करने वालों पर न केवल चालान किया जाएगा, बल्कि आवश्यक होने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी होगी।
एसडीएम ने कहा कि पुल राष्ट्रीय महत्व का है और सुरक्षा दृष्टि से भी अति संवेदनशील है। यहां किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। आमजन की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है, इसलिए अब से पुल पर रुककर रील बनाने या अनावश्यक भीड़ लगाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय प्रशासन ने अपील की है कि लोग अपने और दूसरों की जान को जोखिम में डालने वाले कार्यों से बचें और नियमों का पालन करें।
