
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
कुशीनगर।
गोपाष्टमी के पावन अवसर पर आज प्रातः पिंजरा पोल गौशाला में भक्ति, आस्था और सेवा से परिपूर्ण भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गौशाला प्रबंधन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर के सैकड़ों श्रद्धालु, गौभक्त और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत एक मनमोहक प्रभात फेरी से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गौशाला प्रांगण तक पहुँची। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए गौमाता के जयघोष लगाए। वातावरण ‘जय गोमाता’ के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने गौमाता की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि “गोपाष्टमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे सनातन संस्कृति का उत्सव है, जो हमें गौसंवर्धन और सेवा का संदेश देता है। गोमाता हमारी संस्कृति, आस्था और पर्यावरण की आधारशिला हैं।”
गौशाला पहुँचने पर भक्तों ने गौमाता को हरा चारा, गुड़ और रोटियाँ खिलाकर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान पूरे परिसर में धार्मिक संगीत, भजन और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया।
गौशाला प्रबंधन समिति ने नगरवासियों को गोसेवा के माध्यम से समाज में करुणा और सहअस्तित्व का संदेश देने की अपील की। गोपाष्टमी पर्व का यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अनुपम संगम बनकर सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
