
कुशीनगर। जिले के दुदही नगर पंचायत क्षेत्र में शनिवार को लगातार हो रही तेज बारिश और आंधी के बीच एक मंजिला मकान ढह गया। यह हादसा शिव पावती मंदिर के पास हुआ, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि पिछले करीब 15 घंटों से क्षेत्र में लगातार भारी बारिश हो रही थी, जिसके चलते मकान की दीवारें कमजोर पड़ गईं और अचानक भरभराकर गिर गईं। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत नगर पंचायत प्रशासन को दी। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने मलबा हटवाकर आसपास की इमारतों की भी जांच कराई, ताकि कोई और दुर्घटना न हो सके। बारिश के चलते क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि जर्जर मकानों का सर्वे कर जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
