
07 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर |
विशेष संवाददाता
लोकतंत्र को और अधिक सशक्त व पारदर्शी बनाने की दिशा में निर्वाचन आयोग द्वारा एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की प्रारूप मतदाता सूची में नाम जांचने की ऑनलाइन प्रक्रिया अब पूरी तरह सक्रिय कर दी गई है। इससे लाखों मतदाताओं को बड़ी राहत मिली है।
जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों को जागरूक करते हुए बताया कि कोई भी नागरिक अब घर बैठे ही यह जांच सकता है कि उसका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल है या नहीं। इसके लिए मतदाताओं को केवल मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर जाना होगा।
वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर “Special Intensive Revision (SIR)-2026” शीर्षक से एक पॉप-अप विंडो खुलेगी। यहां “Search your name by EPIC number in draft electoral roll SIR 2026” विकल्प पर क्लिक कर मतदाता अपने EPIC नंबर और कैप्चा भरकर सर्च कर सकते हैं। यदि नाम सूची में उपलब्ध है, तो स्क्रीन पर राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र, मतदान केंद्र और मतदाता क्रम संख्या जैसी संपूर्ण जानकारी प्रदर्शित हो जाएगी।
यदि किसी कारणवश नाम सूची में शामिल नहीं है, तो “No Result Found” संदेश दिखाई देगा, जिससे संबंधित व्यक्ति समय रहते सुधार या दावा-आपत्ति की प्रक्रिया अपना सकता है।
विशेष संवाददाता की प्रतिक्रिया में यह कहना गलत नहीं होगा कि प्रशासन की यह पहल डिजिटल इंडिया और स्वच्छ लोकतंत्र की दिशा में एक सशक्त उदाहरण है। इससे न केवल मतदाताओं की भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि आगामी चुनावों में त्रुटिहीन मतदाता सूची सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकार को मजबूत करें।

