


18 मार्च, विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर।
खेल निदेशालय उ0प्र0, लखनऊ एवं जिला खेल कार्यालय, कुशीनगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन का खेल जोश, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का शानदार उदाहरण बनकर सामने आया। प्रातः 08:00 बजे प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष कुमार, जिला युवा अधिकारी सचिन कुमार एवं क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।
तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में टीमों ने अपनी क्षमता का भरपूर प्रदर्शन किया, हालांकि अधिकांश मैच एकतरफा परिणामों के साथ समाप्त हुए, जिससे कई टीमों की तैयारी पर सवाल भी खड़े हुए।
पहला मुकाबला भदोही और कुशीनगर के बीच खेला गया, जिसमें पडरौना की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में देवरिया ने गोरखपुर को 3-0 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। तीसरे मैच में आजमगढ़ ने मऊ को 1-0 से पराजित कर कड़े संघर्ष में जीत हासिल की। चौथे मुकाबले में मिर्जापुर ने गाजीपुर को 4-0 से करारी शिकस्त देते हुए अपने आक्रामक खेल का परिचय दिया। पांचवें मैच में देवरिया ने महराजगंज को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत अपने नाम की।
प्रतियोगिता के परिणामों से स्पष्ट है कि कुछ टीमें जहां रणनीति और समन्वय के साथ मैदान में उतरीं, वहीं कई टीमों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली टीमों के बीच मुकाबला और अधिक रोमांचक तथा कांटे का होगा।
19 मार्च 2026 को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबलों में कुशीनगर का सामना महराजगंज से तथा मिर्जापुर की भिड़ंत देवरिया से होगी, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
निर्णायक मंडल में वी0एस0 पाण्डेय, मनोज तिवारी, हीरालाल निषाद सहित अन्य अधिकारियों ने निष्पक्ष भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान जिला व्यायाम शिक्षक अनिल मिश्रा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
अंत में क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद ने सभी अतिथियों, मीडिया एवं सहयोगी विभागों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल संचालन का विश्वास जताया।
