
कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर संतोष कुमार मिश्रा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार व क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पटहेरवा पुलिस ने सोमवार 25 अगस्त 2025 को एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान तीन अंतर्राज्यीय वाहन चोरों को दबोच लिया। इनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों की 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग छह लाख रुपये है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमरेश गिरि (जनपद गोपालगंज, बिहार), महेश कुमार (जनपद गोपालगंज, बिहार) और जाहिद उर्फ गुच्चक (जनपद कुशीनगर) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि यह संगठित गिरोह उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न जिलों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी के दौरान एक व्यक्ति निगरानी करता जबकि अन्य ताले तोड़कर वाहन ले जाते थे। चोरी की गई गाड़ियां कुछ दिनों तक छिपाकर रखने के बाद इन्हें विभिन्न बाजारों में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास भी खंगाले गए हैं। मुख्य अभियुक्त अमरेश गिरि पर हत्या का प्रयास, लूट, जालसाजी और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं जाहिद उर्फ गुच्चक पर चोरी, जुआ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पंजीकृत हैं।
बरामदगी का विवरण
पुलिस ने 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें हीरो होंडा स्प्लेंडर, पल्सर, प्लेटिना, टीवीएस स्पोर्ट और सीडी डीलक्स जैसी गाड़ियां शामिल हैं। इनमें से कुछ गाड़ियों पर बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि एक बाइक बिना नंबर प्लेट के पाई गई।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष पटहेरवा विनय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, अनुराग यादव, सच्चिदानन्द यादव समेत दस पुलिसकर्मी शामिल रहे।
फिलहाल पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई कुशीनगर पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिसने अंतर्राज्यीय वाहन चोरी गैंग का पर्दाफाश कर लोगों में भरोसा जगाया है।




