
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर | थाना कसया | दिनांक 09.04.2026
कुशीनगर पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अगर सिस्टम जाग जाए, तो हालात बिगड़ने से पहले ही संभाले जा सकते हैं। थाना कसया क्षेत्र से एक साथ लापता हुई छह लड़कियों की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी, लेकिन पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई ने 24 घंटे के भीतर ही इस मामले का सुखद अंत कर दिया।
08 अप्रैल को मिली सूचना के अनुसार, छह लड़कियां बिना बताए घर से निकल गई थीं। चौंकाने वाली बात यह रही कि इनमें से एक ने अपने मित्र को बताया था कि वे लखनऊ जाकर खुद कमाकर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं। सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में नाबालिग और युवतियां एक साथ घर छोड़ने को क्यों मजबूर हुईं? क्या यह सिर्फ एक सपना था या समाज और परिवार की अनदेखी का नतीजा?
मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के निर्देशन में तत्काल विशेष टीमों का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी कसया के नेतृत्व में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, सर्विलांस का सहारा लिया और विभिन्न जिलों में समन्वय स्थापित किया। नतीजा—09 अप्रैल को सभी छह लड़कियां जनपद बस्ती के गौर स्टेशन से सकुशल बरामद कर ली गईं।
बरामद लड़कियों में किरण, मनीषा, नंदिनी, सलोनी (नाबालिग), अनुष्का और रिफत खातून शामिल हैं। सभी को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि पूरे प्रकरण की गहन जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस सफल ऑपरेशन में थाना कसया, तमकुहीराज, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की है।
लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या हमारे समाज में युवाओं का भरोसा टूट रहा है? क्या सपनों को पूरा करने के लिए घर छोड़ना ही एकमात्र रास्ता रह गया है?
फिलहाल, पुलिस की मुस्तैदी ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी, वरना यह मामला किसी और दिशा में भी जा सकता था।
