

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के मिश्रौली नरकटिया गांव में रविवार की रात आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान अचानक ऐसा बवाल मचा कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। दो समुदायों के बीच मामूली कहासुनी ने चंद पलों में ही खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मंच के सामने शुरू हुई बहस देखते ही देखते लाठी-डंडे, कुर्सियां और यहां तक कि पत्थर चलने लगे। चीख-पुकार और भगदड़ से पूरा गांव सहम गया।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक गीत की मांग को लेकर हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। घटना इतनी तेज हुई कि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें पुलिस ने तत्काल कसया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है।
सूचना मिलते ही कसया पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया और भीड़ को तितर-बितर किया। अधिकारी मौके पर देर रात तक डटे रहे और पूरे क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। घटना स्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी कर दी गई है कि गांव में आने-जाने वालों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रत्येक गतिविधि पर पैनी निगाह बनाए हुए है, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व स्थिति का फायदा न उठा सके।
कसया थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और दोषियों की पहचान सुनिश्चित होते ही कठोर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग दहशत में अपने घरों में दुबके हुए हैं।
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर की नजर घटनाक्रम पर बनी हुई है।
