

कुशीनगर जनपद में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब दुदही–तमकुही मुख्य मार्ग पर थाना विशुनपुरा से महज सौ मीटर पूरब एक ओवरलोड पिकअप सड़क किनारे पलट गई। पिकअप पर भारी मात्रा में केला लदा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक घायल हो गया, लेकिन वह गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
सूचना मिलते ही विशुनपुरा थाने के उप निरीक्षक विजय शंकर यादव तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों का संचालन लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है, जिसे लेकर स्थानीय लोग नाराज़गी भी जाहिर कर रहे हैं।

