
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कुशीनगर के तत्वावधान में 16 दिसंबर 2025 को विजय दिवस का भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय आयोजन नगरपालिका परिषद पडरौना के जलकल भवन परिसर में पूरे गौरव के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन वर्ष 1971 के भारत–पाक युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय और 93 हजार से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों के आत्मसमर्पण की स्मृति में आयोजित किया गया, जिसने देशवासियों के हृदय में गर्व और सम्मान की भावना को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विशाल विजय जुलूस से हुई, जो जलकल भवन से निकलकर कोतवाली रोड, तिलक चौक, मेन रोड, विवाह भवन गली, नौका टोला, रामकोला रोड और सुभाष चौक होते हुए पुनः जलकल भवन परिसर में आकर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान “भारत माता की जय”, “भारतीय सेना जिंदाबाद” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा पडरौना नगर गूंज उठा और वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ तथा शहीदों को नमन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर पी.एन. सिंह ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि 1971 का युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। भारतीय सेना ने अद्वितीय नेतृत्व, सटीक रणनीति और अदम्य साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान को निर्णायक पराजय दी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक राष्ट्र की अमूल्य पूंजी हैं और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर देशसेवा के पथ पर आगे बढ़ना चाहिए।
नगरपालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विजय दिवस केवल इतिहास की तारीख नहीं, बल्कि यह भारतीय सेना के त्याग, बलिदान और राष्ट्रीय स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में वीर पूर्व सैनिकों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया तथा शहीद सैनिकों की वीरांगनाओं को अंगवस्त्र भेंट कर नमन किया गया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच भावुक और गर्व से भरे इस क्षण ने सभी को राष्ट्रभक्ति के संकल्प से जोड़ दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर अनेक पूर्व सैनिक, मातृ संगठन की सदस्याएं, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों की संख्या में आमजन उपस्थित रहे, जिससे आयोजन ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बन गया।



