

दुदही-पडरौना मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, कई घायल
कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुदही–पडरौना मार्ग पर स्थित गोडरिया चौक के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक टेंपू सीटी अस्पताल कुबेस्थान से मरीज को लेकर दुदही की ओर वापस लौट रहा था। इसी दौरान अचानक सामने से एक बुजुर्ग व्यक्ति आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में टेंपू चालक ने वाहन को तेज मोड़ दिया, जिससे टेंपू अनियंत्रित होकर पलट गया।
इस हादसे में गोडरिया निवासी शिव धन पटेल पुत्र अमीन पटेल, जो पैदल सड़क पार कर रहे थे, गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टेंपू में सवार कई महिलाएं भी बुरी तरह जख्मी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को एंबुलेंस व अन्य साधनों से दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में रुखा देवी निवासी पाण्डेय पट्टी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इसके अलावा नींबू कला देवी (40 वर्ष) निवासी रतवल, बिहार, जो इलाज कराकर वापस लौट रही थीं, को भी गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों का भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और घायलों की मदद में जुट गए। वहीं, हादसे की सूचना पाकर विशुनपुरा थाने से प्रभारी दारोगा ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टेंपू को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि गोडरिया चौक पर अक्सर सड़क पार करने के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, क्योंकि यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इस जगह पर ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
इस घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
