

विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के बिशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़हरा बुजुर्ग गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र नेटुआ वीर बाबा के स्थान पर गोवंश का कटा हुआ सिर रखा हुआ पाया गया। इस घृणित और आपत्तिजनक कृत्य से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया, वहीं ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले कुछ युवकों की नजर जब बाबा के स्थान पर पड़ी तो वे सन्न रह गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामले की गंभीरता को भांपते हुए युवकों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया और बिशुनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। प्रारंभिक जांच में इसे असामाजिक तत्वों की सोची-समझी साजिश माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र की शांति व्यवस्था को भंग करना और सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाना है। पुलिस ने गोवंश के अवशेषों को विधिसम्मत ढंग से हटवाकर आवश्यक कार्रवाई की।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी अलर्ट मोड में आ गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि नेटुआ वीर बाबा का स्थान वर्षों से लोगों की आस्था का केंद्र रहा है और यहां इस प्रकार की घटना पहले कभी नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हिमाकत करने की हिम्मत न कर सके।
फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। कुशीनगर प्रशासन की सख्त निगरानी में मामले की जांच तेज़ी से जारी है।
