

कुशीनगर जिले के थाना विशुनपुरा क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के अचानक घर से लापता हो जाने के मामले ने सनसनी फैला दी है। परिजनों ने खोजबीन के बाद संदेह जताया कि उनकी बेटी को पड़ोसी जिले पश्चिमी चंपारण, थाना भीतहा के डीही पकड़ी मालाही टोला निवासी पिंटु पासवान बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 05 सितंबर 2025 की शाम लगभग सात बजे की है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब कोई पता नहीं चला तो पुलिस से मदद मांगी गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना विशुनपुरा पुलिस ने पिंटु पासवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित कर संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की वारदातें समाज के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति न हो।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर भगाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। अभिभावक अब अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर और अधिक चिंतित हो गए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
