
कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पुलिस चौकी के नाक के नीचे गांजा की खुलेआम बिक्री की जा रही है। इतना ही नहीं, गांजा बेचने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक महज 50 रुपये में गांजे का पैकेट बेचते हुए साफ़ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटी सी दुकान के अंदर युवक पैकेट में रखे गांजे को ग्राहकों को सौंप रहा है। बताया जा रहा है कि यह दुकान कप्तानगंज कस्बे में स्थित है और लंबे समय से यहाँ इस तरह का अवैध कारोबार चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार पुलिस को इस मामले की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध नशे का यह कारोबार युवाओं को बर्बादी की राह पर धकेल रहा है। कस्बे के आसपास स्कूल और कोचिंग संस्थान भी हैं, जहाँ पढ़ने आने वाले छात्र-छात्राओं पर भी इस नशे का दुष्प्रभाव पड़ रहा है। इसके बावजूद पुलिस का इस ओर मौन रहना लोगों को हैरान कर रहा है।
लोगों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन सख्ती दिखाए तो इस तरह के अवैध कारोबार पर तुरंत लगाम लग सकती है। लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होना यह संकेत देता है कि या तो पुलिस की मिलीभगत है या फिर लापरवाही।
फिलहाल, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद कप्तानगंज पुलिस की निष्क्रियता पर उंगलियां उठने लगी हैं। अब देखना यह होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं और क्या वाकई इस नशे के कारोबार पर नकेल कसी जाती है या नहीं।
🔴 स्थानीय जनता की मांग है — “वीडियो की जांच हो और जिम्मेदारों पर हो सख्त कार्रवाई।”

