
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक : 28 जनवरी 2026 | थाना : कोतवाली पडरौना
जनपद कुशीनगर पुलिस ने अन्तर्राज्यीय शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।
अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री सिद्धार्थ वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी सदर श्री अजय कुमार सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पडरौना पुलिस ने दिनांक 28.01.2026 को बांसी चौकी के सामने घेराबंदी कर एक डीसीएम ट्रक को रोका। जांच के दौरान ट्रक में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही हरियाणा निर्मित 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से एक शराब तस्कर मनोज पुत्र हवा सिंह, निवासी ग्राम उदेवीपुर (163), थाना गनौर, जनपद सोनीपत (हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया।
बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग 11 लाख रुपये तथा डीसीएम ट्रक की कीमत करीब 17 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार वाहन सहित कुल बरामदगी लगभग 28 लाख रुपये की बताई जा रही है। ट्रक पर कूटरचित नंबर प्लेट (UP11CT1832) लगी पाई गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि तस्करी को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया जा रहा था।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर हरियाणा से शराब सस्ते दामों पर खरीदता है और उसे ट्रकों में छिपाकर बिहार राज्य में ऊंचे दामों पर बेचता है, जहां शराबबंदी के चलते इसकी भारी मांग है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
इस संबंध में थाना कोतवाली पडरौना पर मु0अ0सं0 51/2026 धारा 111(2)(बी), 341(1) बीएनएस तथा धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस साहसिक कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उप निरीक्षक प्रदीप कुमार, उप निरीक्षक राजाराम पाल सहित पुलिस टीम की तत्परता सराहनीय रही। कुशीनगर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध शराब तस्करी और संगठित अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

