
कुशीनगर। आगामी त्योहारों एवं लक्ष्मी पूजा पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति, सौहार्द व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूर्ण सतर्कता बरत रहा है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के कुशल निर्देशन में आज दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को जनपद के सभी क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष एवं चौकी प्रभारीगण द्वारा पुलिस बल के साथ व्यापक स्तर पर पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया गया।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नगर के मुख्य मार्गों, बाजारों, दुर्गा पंडालों, चौराहों, धार्मिक स्थलों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों, होटल, सराय एवं रेस्टोरेंट्स में जाकर स्थिति का जायजा लिया तथा संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु एवं वाहनों की सघन चेकिंग की। पुलिस अधिकारियों ने आमजन, दुकानदारों व व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और यह संदेश दिया कि पुलिस सदैव जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है।
पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था, शांति एवं महिला/बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रत्येक थाना क्षेत्र में पुलिस बल को सतर्कता के साथ मुस्तैद रहने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से गश्त करने, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मौजूद रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने जहां एक ओर अपराध नियंत्रण के प्रति अपनी सक्रियता का प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर लोगों में सुरक्षा का एहसास भी कराया। आम नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों से त्योहारों में न केवल शांति बनी रहती है, बल्कि आमजन का विश्वास भी बढ़ता है।
जनपद कुशीनगर पुलिस का यह पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का सशक्त संदेश देता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अराजकता या अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।









