
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री संतोष कुमार मिश्रा द्वारा जनपद कुशीनगर में आयोजित होने वाले पारंपरिक डोल मेला को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा डोल मेले के आयोजन को और अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जनपद वासियों को “पुलिस मित्र”के रूप में शामिल किया गया है।
पुलिस मित्र, पुलिस बल के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके। इस आयोजन के दौरान भारी भीड़ और उत्साह को देखते हुए, सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद वासियों को पुलिस मित्र के रूप में शामिल कर एक अनूठी पहल शुरू की गयी है। पुलिस मित्र” पहल का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को पुलिस के साथ जोड़कर अपराध नियंत्रण और सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। इस पहल के तहत, जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से विश्वसनीय और जिम्मेदार नागरिकों को पुलिस मित्र के रूप में चयनित किया गया है।
ये पुलिस मित्र स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए पुलिस के साथ मिलकर मेले की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पुलिस मित्रों का चयन उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा, स्थानीय स्तर पर प्रभाव, और सामुदायिक सेवा के प्रति समर्पण के आधार पर किया गया है। इनमें स्थानीय व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा स्वयंसेवक शामिल हैं। पुलिस मित्र स्थानीय पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित कर मेले में भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। वे लोगों को निर्देशित करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने में मदद कर रहे हैं।
यह पहल न केवल मेले की व्यवस्था को बेहतर बना रही है, बल्कि यह स्थानीय लोगों को सामुदायिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित भी कर रही है। कुशीनगर पुलिस की “पुलिस मित्र” पहल डोल मेला के सकुशल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।


