
कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सुकरौली इलाके में गुरुवार को एक अजीबोगरीब घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। प्रेमिका के परिवार द्वारा मारपीट से आहत एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों तक हंगामा करता रहा। अचानक हुई इस हरकत से स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवती के परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने युवक के साथ मारपीट की। इससे आहत होकर युवक गुस्से में मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से नीचे उतरने से इनकार कर दिया। युवक लगातार ऊंचाई पर बैठा रहा, जिससे देखने वालों में खौफ और उत्सुकता दोनों बनी रही।
सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पहले युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह घंटों तक टॉवर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। बाद में अधिकारियों की कड़ी मशक्कत और परिजनों के समझाने के बाद आखिरकार युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।
इस घटना के चलते काफी देर तक यातायात भी बाधित रहा और भीड़ नियंत्रण में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली जब युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
पुलिस का कहना है कि युवक को शांत कर परिजनों को सुपुर्द किया गया है। घटना की जानकारी ली जा रही है और यदि शिकायत दर्ज होती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम ने क्षेत्र में दिनभर चर्चा का विषय बना दिया।



