
तमकुही राज कुशीनगर से विनय कुमार पाठक की खास रिपोर्ट
कुशीनगर: जिले में गोवंशीय पशुओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री संतोष कुमार मिश्रा के निर्देशन में पटहेरवा थाना पुलिस ने पशु तस्कर गैंग के तीन सदस्यों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है।
पकड़े गए अभियुक्तों में गैंग लीडर अशफाक पुत्र शमशाद निवासी फतहा थाना गोपालगंज नगर जिला गोपालगंज, बिहार, गिरोह सदस्य हरेन्द्र यादव पुत्र रामाश्रय निवासी कुकुरभुका थाना कटया, जिला गोपालगंज, बिहार, तथा पीयूष कुमार सिंह पुत्र विरेन्द्र सिंह निवासी देवापुर मोहर सिंह का टोला थाना माझागढ़, जिला गोपालगंज, बिहार शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह संगठित तरीके से गोवंशीय पशुओं की तस्करी करता था और इन्हें क्रूरता पूर्वक वध हेतु अन्य राज्यों में भेजता था। गिरोह द्वारा अपने सदस्यों व सगे संबंधियों को आर्थिक और भौतिक लाभ पहुंचाने की नीयत से तस्करी की जाती थी। 09 जून 2024 को गिरोह के सदस्यों ने एक पिकअप वाहन (BR28GA 0215) में पांच गोवंशीय पशुओं (चार गाय व एक बछिया) को लादकर ले जाते समय पुलिस की घेराबंदी देख वाहन छोड़कर भाग गए थे। इस मामले में थाना पटहेरवा पर पहले से ही मुकदमा दर्ज था (मु.अ.सं. 168/2022 धारा 3/5A/5B/8 गौ हत्या निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम)।
पुलिस जांच में अभियुक्तों की पहचान होने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र प्रेषित किया गया और अब इनके विरुद्ध मु.अ.सं. 205/2025 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि यह गैंग अवैध संपत्ति अर्जित करने के लिए संगठित ढंग से पशु तस्करी का काम करता था। कुशीनगर पुलिस की यह कार्रवाई अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक और मजबूत कदम मानी जा रही है।
