
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 25.02.2026 | थाना: जटहां बाजार
कुशीनगर जनपद के थाना जटहां बाजार क्षेत्रांतर्गत ग्राम हिरनहीं बिन टोली में 07 वर्षीय मासूम बालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की विधिक प्रक्रिया पूर्ण कराई। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अभियोग पंजीकृत कराया और शीघ्र अनावरण हेतु अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में 05 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।
गहन जांच, तकनीकी साक्ष्य और सघन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आज 25 फरवरी 2026 को घटना का खुलासा करते हुए अभियुक्त पिन्टू उर्फ कोयल (उम्र करीब 22 वर्ष) पुत्र विशुनी निषाद, निवासी हिरनहीं बिन टोली, थाना जटहां बाजार को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने बालक को पैसे का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर जघन्य अपराध को अंजाम दिया। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मासूम की हत्या कर शव को खैरा माई स्थान के पास बखार में छिपा दिया गया था।
पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर मृतक की काले रंग की चप्पल, घटना के समय पहने गए कपड़े एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री तथा 52 रुपये मालमुकदमाती बरामद किए हैं। मामले में बीएनएस की धाराओं के साथ पाक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं की बढ़ोत्तरी कर अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
प्रशासनिक प्रतिक्रिया
पुलिस अधीक्षक ने खुलासे में शामिल टीमों की सराहना करते हुए कहा कि “जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। मासूम के साथ हुई इस अमानवीय घटना में दोषी को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी।”
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए दोषी के विरुद्ध कठोर दंड की मांग की है। घटना के खुलासे से क्षेत्र में आक्रोश के साथ-साथ न्याय की उम्मीद भी मजबूत हुई है।
थाना जटहां बाजार में 07 वर्षीय मासूम के हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में हत्यारोपी गिरफ्तार। अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा ने बाईट में बताया—साक्ष्यों के आधार पर बड़ी सफलता, न्याय की दिशा में निर्णायक कदम।
