

विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से विशेष संवाददाता
छितौनी/कुशीनगर
महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को धरातल पर उतारते हुए छितौनी इंटर कॉलेज में ‘मिशन शक्ति’ के तहत एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कस्बा स्थित विद्यालय परिसर में साइबर हेल्प डेस्क के माध्यम से छात्राओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और साइबर अपराध से बचाव की ठोस जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका ने छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार किया।
हनुमानगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने कड़े और स्पष्ट शब्दों में छात्राओं को संदेश देते हुए कहा कि अन्याय के विरुद्ध चुप्पी अपराधियों का मनोबल बढ़ाती है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में निर्भीक होकर आवाज उठाएं। उन्होंने आत्मसंयम, चरित्र निर्माण और आत्मरक्षा को जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बताया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में एंटी रोमियो दल एवं डायल 112 की टीमें विद्यालयों के खुलने-बंद होने के समय विशेष सतर्कता बरतती हैं। उन्होंने छात्राओं को आगाह किया कि वे किसी के बहकावे में आकर झूठे आरोप न लगाएं, बल्कि सच्चाई के साथ खड़ी रहें। साथ ही मोबाइल फोन के दुरुपयोग, अनजान लिंक, फर्जी कॉल और अवांछित फाइल डाउनलोड से दूर रहने की सख्त सलाह दी।
महिला कांस्टेबल ज्योति तिवारी ने साइबर अपराध से जुड़े वास्तविक अनुभव साझा करते हुए बताया कि छोटी सी लापरवाही कैसे बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सतर्कता, गोपनीयता बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रधानाचार्य आकाश कुमार सिंह ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं। संचालन शिक्षक शिवेंद्र प्रकाश ने किया।
इस अवसर पर शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सशक्त नारी ही सुरक्षित समाज की आधारशिला है।

