
विलेज फास्ट टाइम्स जनपद कुशीनगर
दिनांक–10.12.2025 | थाना–तमकुहीराज
कुशीनगर में पुलिस प्रशासन ने आज एक बार फिर साबित कर दिया कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए जिले की सीमाएं अब सुरक्षित पनाहगाह नहीं रहीं। पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार के कड़े, प्रभावी निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ वर्मा की सतत निगरानी में, क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज श्री राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।
आज 10 दिसंबर को तमकुहीराज थाना क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक लग्जरी होण्डा CRV (BR01 BR 0333) को रोकने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देखकर चालक अचानक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। शक के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई तो पुलिस के हाथ एक भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब लगी, जिसे तस्करी करके कुशीनगर में खपाने की तैयारी थी।
बरामदगी में शामिल—12 कार्टून रायल स्टेज 750ml — 144 बोतलें (108 लीटर)12 कार्टून रायल स्टेज 375ml — 288 बोतलें (108 लीटर)कुल अवैध शराब — 216 लीटर बरामद वाहन — होण्डा CRV, कीमत करीब 10 लाख रुपये कुल बरामदगी का अनुमानित मूल्य — लगभग 12 लाख रुपये
यह बरामदगी यह दर्शाती है कि तस्कर बड़े और संगठित नेटवर्क के तहत जिले में शराब की अवैध सप्लाई की कोशिश में थे। पुलिस टीम की मुस्तैदी, तत्परता और कड़ी निगरानी ने इस पूरे खेल का भंडाफोड़ कर दिया। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने मुख्य तस्कर की पहचान सुनिश्चित कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो गिरफ्तारी कभी भी संभव है।
घटना के आधार पर थाना तमकुहीराज में मु0अ0सं0 422/2025, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम एवं धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
बरामदगी करने वाली टीम—उ0नि0 अवनीश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी डिबनी बंजरवा कां0 जितेन्द्र सिंह, थाना तमकुहीराज कां0 अरविन्द गुप्ता, थाना तमकुहीराज तमकुहीराज पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब माफिया के लिए सीधी चेतावनी है कि जिले में अब उनके लिए जगह नहीं—सख्त अभियान जारी है और कानून की पकड़ और भी मजबूत होने वाली है।
