
— आबकारी विभाग और सशस्त्र सीमा बल की संयुक्त कार्रवाई, गन्ने के खेतों में घात लगाकर दबोचा गया युवक
महराजगंज।से प्रवीण कुमार मिश्रा की खास रिपोर्ट
शनिवार रात आबकारी विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में ब्राउन शुगर तस्करी की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया। मुखबिर की सूचना पर रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर चरगहा निवासी राहुल यादव को सेमरहना पुल से मटरा गांव जाने वाले रास्ते पर 55.56 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर (हीरोइन) और एक एंड्रॉयड मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गन्ने के खेतों में छिपकर घात लगाई थी। जैसे ही संदिग्ध युवक उक्त मार्ग से गुजरा, उसे चारों ओर से घेरकर दबोच लिया गया। पूछताछ में राहुल यादव ने बताया कि वह नेपाल में मादक पदार्थ की तस्करी के प्रयास में था। सीमा पार करने से पहले ही उसे पकड़ लिया गया। पकड़े गए अभियुक्त ने एक सक्रिय तस्करी सिंडिकेट के अन्य सदस्यों के नाम भी उजागर किए हैं, जिन पर पुलिस की नजर है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाएगा।गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना निचलौल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अग्रिम कार्रवाई के तहत उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव, प्रधान आरक्षी प्रदीप कुमार, आरक्षी बृजेश पाल और महिला आरक्षी कुमारी पूजा शामिल रहीं। वहीं, एसएसबी टीम का नेतृत्व सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने किया। उनके साथ उपनिरीक्षक हंसराज, मुख्य आरक्षी कुलदीप कुमार, जवान ईश्वर चंद, मनोज कुमार, अनूप कुमार और अमरनाथ कुमार मौजूद थे।
