

📰 विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
दिनांक: 04 नवंबर 2025
कार्तिक पूर्णिमा स्नान को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कुशीनगर श्री महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने मंगलवार को थाना कोतवाली पडरौना क्षेत्रान्तर्गत बांसी मेला घाट का संयुक्त रूप से भ्रमण व निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, और भीड़ प्रबंधन को लेकर कड़े दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि घाटों की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और मेडिकल सुविधा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार ने बताया कि घाटों, नदियों और तालाबों की भौगोलिक स्थिति, जलस्तर एवं संभावित खतरे वाले बिंदुओं पर सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। विशेष पुलिस बल, ड्रोन सर्विलांस, वायरलेस सेट से लैस पुलिस दलों तथा महिला पुलिस टीमों की तैनाती सुनिश्चित की गई है ताकि श्रद्धालु निर्भीक होकर स्नान कर सकें।
इसके साथ ही घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है।
जनपद प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें।








