

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर – पडरौना
भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी के महापरिनिर्वाण दिवस पर आज पडरौना नगर में श्रद्धा और सम्मान का अद्भुत माहौल देखा गया। नगर के कठकुईया मोड़ स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर नगर पालिका परिषद् पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल ने पुष्पार्चन कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। अध्यक्ष जी ने प्रतिभा-परमाल्यार्पण करते हुए कहा कि बाबा साहब केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की सबसे मजबूत धुरी थे, जिनकी सोच और संघर्ष ने भारत को एक नई दिशा दी।
अध्यक्ष विनय जायसवाल जी ने इस अवसर पर डॉ. आंबेडकर के जीवन-दर्शन, सामाजिक न्याय की परिकल्पना और भारतीय संविधान निर्माण में उनकी बेजोड़ भूमिका को गहराई से स्मरण किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने अपना पूरा जीवन वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों को सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए संघर्ष करते हुए बिताया। भारत का संविधान उनके अद्वितीय विचारों का वह महान दस्तावेज है, जो आज भी समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय की मूल भावना के साथ देश को आगे बढ़ा रहा है।
अध्यक्ष जी ने कहा कि “महापरिनिर्वाण दिवस केवल श्रद्धांजलि का दिन नहीं, बल्कि यह वह क्षण है जब हम बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराते हैं। उनकी शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक समरसता और आर्थिक सशक्तिकरण के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने संविधान निर्माण के समय थे।”
उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर पालिका परिषद् पडरौना, बाबा साहब की प्रेरणा से नगर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, सौहार्द और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर काम कर रही है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल, अशोक अग्रवाल, अरुण सिंह, सर्वेश जायसवाल, गोपी वर्मा, राहुल सिंह, अनिल पाण्डेय, राजेश जायसवाल, शैलेश मद्धेशिया, हरिमोहन जायसवाल, पिंटू साह, धर्मेंद्र गुप्ता, संतोष चौहान, ब्रजेश शर्मा, संतोष वर्मा, रविन्द्र साह, खुशहाल शर्मा, मनोज गुप्ता, घनश्याम यादव, सागर जायसवाल, केदार मद्धेशिया, मन्नू रौनियार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और स्कूल के बच्चे मौजूद रहे।
अंत में सभी उपस्थितों ने दो मिनट का मौन रखकर बाबा साहब को नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


