
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
17 नवंबर 2025
कुशीनगर कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में संपत्ति मूल्यांकन दरों की समीक्षा से जुड़ी अहम बैठक सम्पन्न हुई। जिले में प्रस्तावित नई मूल्यांकन दर सूची पर आम जनता से प्राप्त सुझावों व आपत्तियों के विस्तृत परीक्षण के उद्देश्य से यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण रही।
जिलाधिकारी कार्यालय सहित अपर जिलाधिकारी, सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय एवं सभी उपनिबंधक कार्यालयों में नागरिकों से आपत्तियाँ आमंत्रित की गई थीं। निर्धारित अवधि तक कुल 10 आपत्तियाँ प्राप्त हुईं—तहसील पडरौना सदर से 04, तमकुहीराज से 02, जबकि कसया, हाटा, कप्तानगंज और खड्डा तहसीलों से एक-एक आपत्ति दर्ज की गई थी।
बैठक के दौरान सभी आपत्तिकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से सुना गया। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि—
प्रत्येक आपत्ति का निस्तारण नियमों के अनुसार,
बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप,
पारदर्शी एवं न्यायोचित ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
डीएम तंवर ने साफ कहा कि अंतिम मूल्यांकन दर सूची तैयार करते समय यथासंभव अधिक सुझावों और आपत्तियों को समाहित किया जाए, ताकि जनता के हितों का अधिकतम संरक्षण हो सके। उन्होंने स्टाम्प एवं निबंधन विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अंतिम सूची को शीघ्र प्रभावी रूप से लागू करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे भूमि एवं संपत्ति से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में सहायक महानिरीक्षक निबंधन बी.एस. वर्मा, संबंधित उपनिबंधकगण तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को जनहित और प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
