
16 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
झारखण्ड के रांची जनपद से एक बेहद मार्मिक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रशासनिक तंत्र और समाज को झकझोर कर रख दिया है। धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी, जगन्नाथपुर खटाल (मल्लार कोचा) गाँव निवासी सुनील कुमार के दो मासूम बच्चे — अंश (05 वर्ष) एवं अंशिका (04 वर्ष) दिनांक 02 जनवरी 2026 से रहस्यमय ढंग से लापता हैं। बीते कई दिनों से परिजन बेसुध हैं, परंतु अब तक बच्चों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
अपर जिला जज/सचिव शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने बताया कि धुर्वा थाना पुलिस लगातार खोज अभियान चला रही है। साथ ही झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं पैरा लीगल वॉलेंटियर्स के माध्यम से व्यापक स्तर पर तलाश अभियान प्रारंभ किया गया है।
कुशीनगर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अपर जिला जज/सचिव शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी ने आमजन से भावुक किंतु सशक्त अपील करते हुए कहा कि यदि ये दोनों मासूम बच्चे कहीं भी दिखाई दें, तो इसे सामान्य सूचना न समझें, बल्कि मानवता का कर्तव्य मानते हुए तत्काल सूचना दें।
सूचना हेतु संपर्क करें—
पिता (सुनील कुमार): 9006252194
हटिया डीएसपी: 8709911997
धुर्वा थाना: 9771333475
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (लिपिक): 9453250991
लापता बच्चों के संबंध में सही और प्रमाणिक सूचना देने वाले व्यक्ति को रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹51,000/- का इनाम दिया जाएगा।
यह केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। दो नन्हे जीवन अपने घर लौटने की राह देख रहे हैं। आइए, हम सब मिलकर उनकी सुरक्षित वापसी की कड़ी बनें। एक सूचना, दो जिंदगियों को नया सवेरा दे सकती है।

