
18 नवम्बर, कुशीनगर
तहसील सभागार हाटा में होगा महिला जन सुनवाई कार्यक्रम
आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने हेतु अधिकारी किए गए नामित
उत्तर प्रदेश महिला आयोग द्वारा महिलाओं की समस्याओं के समाधान एवं कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से जनपद में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन 19 नवम्बर, 2025 को तहसील सभागार, हाटा में किया जाएगा।
उक्त की जानकारी देते हुए जिला प्रवेशन अधिकारी डीसी त्रिपाठी ने बताया कि उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती जनक नंदिनी करेंगी। कार्यक्रम में जनपद की महिलाएँ अपनी शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं, जिनका निस्तारण मौके पर ही किया जाएगा या संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
महिला आयोग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में महिला उत्पीड़न की शिकायतें, घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसी समस्याओं पर चर्चा कर उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा*।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, महिला कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे ताकि पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का समग्र समाधान सुनिश्चित हो सके।
इसके साथ ही पोषण अभियान से संबंधित विषयों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान मोटापा नियंत्रण, संतुलित आहार, किशोरियों के स्वास्थ्य, डिजिटल साक्षरता, स्त्री-पुरुष समानता, बाल अधिकार आदि विषयों पर चर्चा की जाएगी।
जिला प्रवेशन अधिकारी ने जनपद की सभी महिलाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महिला जनसुनवाई में सम्मिलित होकर अपनी समस्याएँ प्रस्तुत करें,जिससे कि तत्काल मौके पर निस्तारण किया जा सके,एवं उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
