
कुशीनगर। जिले के चौराखास थाना क्षेत्र के बनकटा बाजार स्थित सुभाष चौक पर दशहरा मेले के दौरान आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में अशोभनीय हरकतें सामने आईं। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा और सुबह करीब तीन बजे तक मंच से अश्लील हरकतों और फूहड़ प्रस्तुति का दौर जारी रहा। इस दौरान वहां भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिनमें परिवार और बच्चे भी शामिल थे।
ग्रामवासियों का कहना है कि दशहरा मेले में धार्मिक आस्था से जुड़े आयोजन की जगह भड़काऊ और अनुचित प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे वातावरण बिगड़ गया। मंच से अशोभनीय हरकतें देखकर महिलाएं और परिवार असहज होकर कार्यक्रम स्थल से लौट गए। कई ग्रामीणों ने इसे सामाजिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए नाराजगी जताई।
सबसे बड़ी बात यह रही कि यह पूरा कार्यक्रम पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में चला। अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद मंच से हो रही गतिविधियों को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मौके पर थी, तो अशोभनीय प्रस्तुतियों को क्यों नहीं रोका गया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आयोजकों ने मनोरंजन के नाम पर अश्लीलता परोसी, जबकि इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक और धार्मिक जागरूकता फैलाना होना चाहिए। उनका कहना है कि प्रशासन की चुप्पी से यह स्पष्ट होता है कि कहीं न कहीं मिलीभगत भी रही।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आयोजनों पर सख्त रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में धार्मिक आयोजनों की आड़ में अशोभनीय कार्यक्रम न किए जा सकें।
