
कुशीनगर जनपद के तमकुहीराज क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई को ठेंगा दिखाने का मामला सामने आया है। डेढ़ माह पूर्व एसडीएम तमकुहीराज और खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा एक निजी विद्यालय को नियमों के उल्लंघन के चलते शील कर दिया गया था। उस समय अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि विद्यालय तब तक बंद रहेगा जब तक विभागीय मानक पूरे नहीं कर दिए जाते।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि शील किया गया विद्यालय आज भी संचालित हो रहा है। विद्यालय प्रबंधन न केवल बच्चों की पढ़ाई जारी रखे हुए है, बल्कि पूरी तरह से खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्रशासन की कार्यवाही और उसकी गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है।
लोगों का आरोप है कि यदि विद्यालय प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी करते हुए पढ़ाई करा रहा है तो यह कहीं न कहीं अधिकारियों की लापरवाही या मिलीभगत का परिणाम है। अभिभावकों ने भी इस पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे प्रकरण में दोबारा सख्ती दिखाता है या फिर विद्यालय संचालक नियमों की अनदेखी कर इसी तरह मनमानी करता रहेगा।
