

कुशीनगर जनपद के थाना रामकोला क्षेत्र में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मोबाइल दुकान चोरी का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार सिंगहा निवासी मंजित यादव ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी सिंगहा चौराहे स्थित मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में 27/28 सितंबर की रात चोरी हुई है। इस पर थाना रामकोला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रुस्तम उर्फ धीमक पुत्र बरकत अली निवासी टेढ़ी, थाना नेबुआ नौरंगिया को चोरी गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामान की कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है, जिसमें चार नए व पुराने एंड्रॉइड व कीपैड फोन, दो चार्जर, एक डाटा केबल, दो नेकबैंड, एक एयरबड और नकद 1336 रुपये शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि वह पहले से दुकान पर आता-जाता था। सीसीटीवी फुटेज से भी उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक रामबदन चौहान, सुशील चौरसिया, उपेन्द्र यादव तथा कांस्टेबल रोशन त्रिपाठी, चन्दन कुमार और ध्रुपचन्द्र शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना रामकोला क्षेत्रान्तर्गत मोबाइल की दुकान में हुई चोरी के घटना का पर्दाफाश, 24 घण्टे के अन्दर अभियुक्त को मय चोरी गये सामान के साथ हुई गिरफ्तारी के संबंध में क्षेत्राधिकारी खड्डा श्री उमेश चन्द्र भट्ट की बाईट
