
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 23 दिसम्बर 2025
जनपद कुशीनगर के थाना नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला और समाज को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। महिला की गुमशुदगी की आड़ में छिपी नृशंस हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सधे हुए अंदाज में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस खुलासे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 29 नवम्बर 2025 को थाना नेबुआ नौरंगिया पर अंगद प्रसाद पुत्र स्वर्गीय नेबुलाल प्रसाद निवासी किशुनपुर विजयपुर द्वारा सूचना दी गई कि उनकी माता सुनैना देवी (उम्र लगभग 45 वर्ष) दिनांक 26 नवम्बर 2025 से लापता हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर व्यापक जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया, जिसमें एक नंबर लगातार संदेह के घेरे में आया। गहन छानबीन में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि लापता महिला का अपने ही रिश्तेदार, जो रिश्ते में देवर लगता है, बसन्त कुमार पुत्र श्यामलाल प्रसाद निवासी पिपरिया थाना रामकोला के साथ करीबी संबंध था।
पुलिस की कड़ी पूछताछ में अभियुक्त बसन्त कुमार टूट गया और उसने जघन्य अपराध को कबूल कर लिया। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि महिला किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत कर रही थी, जिससे वह क्षुब्ध और आक्रोशित हो गया। इसी आवेश में उसने सुनैना देवी का गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया।
पुलिस द्वारा बताए गए स्थान पर जब सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो गन्ने के खेत से महिला का कंकाल और कपड़े बरामद किए गए। परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के उपरांत अवशेषों को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। इस मामले में थाना नेबुआ नौरंगिया पर मु0अ0सं0 442/2025, धारा 103(1), 238 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
अभियुक्त बसन्त कुमार को विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराध चाहे कितना भी शातिर तरीके से किया गया हो, कानून के लंबे हाथों से अपराधी बच नहीं सकता।
