
07 जनवरी | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं निष्पक्ष बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया है। गोरखपुर–फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की संशोधित निर्वाचक नामावली का विधिवत प्रकाशन कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, गोरखपुर–फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र महेंद्र सिंह तंवर ने जनसाधारण को यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के अंतर्गत अर्हक तिथि 01 नवम्बर 2025 के आधार पर तैयार की गई निर्वाचक नामावली के प्रारूप में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का विधिसम्मत निस्तारण करते हुए संशोधन किए गए हैं। इसके उपरांत संशोधनों की सूची के साथ अंतिम रूप से अद्यतन नामावली का प्रकाशन सुनिश्चित किया गया है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संशोधित निर्वाचक नामावली की एक-एक प्रति जिलाधिकारी कार्यालय, संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय तथा अन्य नामित पदाभिहित स्थलों पर निरीक्षण के लिए उपलब्ध करा दी गई है, ताकि शिक्षक मतदाता बिना किसी असुविधा के अपना नाम, विवरण एवं संशोधन की स्थिति की जांच कर सकें।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शिक्षक मतदाताओं एवं जनसामान्य से अपील की है कि वे निर्धारित स्थलों पर जाकर निर्वाचक नामावली का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा आवश्यक जानकारी समय रहते प्राप्त कर लें। यह प्रक्रिया न केवल मतदाता अधिकारों की रक्षा करती है, बल्कि आगामी निर्वाचन को निष्पक्ष एवं विश्वसनीय बनाने में भी अहम भूमिका निभाती है।
प्रशासन की यह पहल साफ संदेश देती है कि लोकतंत्र की मजबूती और मतदाता की सहभागिता सर्वोपरि है, और इसके लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह सजग, सक्रिय एवं जवाबदेह है।

