
कुशीनगर। हाटा थाना क्षेत्र के डुमरी स्वागीपट्टी न्याय पंचायत अंतर्गत सिघना गांव में सड़क पर साइड देने के मामूली विवाद ने रविवार को बड़ा रूप ले लिया। भुजौली छठ घाट के पास दो पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार अनुज सहानी और लालबाबू सहानी कार से कहीं जा रहे थे। संकरी सड़क होने की वजह से भुजौली छठ घाट के पास उन्होंने ग्राम प्रधान चंद्रभान प्रसाद के बेटे और उनकी पत्नी को सड़क किनारे साइड दिया। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और विवाद तीखा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और मारपीट की नौबत आ गई।
मामला बिगड़ता देख स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति नियंत्रित की। इसके बाद दोनों पक्ष सीधे हाटा कोतवाली पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दे बैठे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है और मेडिकल कागज़ात के आधार पर कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है।
हाटा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों, बयान और परिस्थितियों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि दोबारा क्षेत्र का माहौल खराब न हो। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है।
सड़क साइड जैसे मामूली विवाद से बड़ा बवाल खड़ा होना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि लोगों में धैर्य और संयम की कमी किस तरह झगड़ों को जन्म दे रही है।
