

कुशीनगर जनपद के तहसील कप्तानगंज क्षेत्र के खोटाही गाँव में शनिवार को पैमाइश को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लेखपाल व कानूनगो द्वारा एक पक्षीय पैमाइश की गई है। पैमाइश के दौरान गाँव की मुख्य सड़क और चबूतरे की जमीन को निजी भूमि बताते हुए नापी की गई, जिसके चलते मार्ग अवरुद्ध हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस मार्ग से आवागमन होता रहा है और यह सड़क व चबूतरा सार्वजनिक उपयोग में है। आरोप है कि पैमाइश के बाद दबंग प्रवृत्ति के लोग सड़क व चबूतरे की जमीन पर कब्जा करने लगे हैं। इससे ग्रामीणों का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है और आवागमन ठप हो गया।
ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पैमाइश के नाम पर न केवल सड़क व चबूतरे की जमीन को निजी घोषित कर दिया गया बल्कि वर्षों से रह रहे एक व्यक्ति के घर को भी हटाने का दबाव बनाया जा रहा है। इससे गाँव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
उग्र ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर सड़क व चबूतरे की जमीन को खाली कराने की माँग की। वहीं कानूनगो का कहना है कि सड़क व चबूतरे की जमीन सार्वजनिक उपयोग की है और इसे कब्जे से मुक्त कराया जाएगा।
मुख्य मार्ग अवरुद्ध होने से ग्रामीणों में आक्रोश गहराता जा रहा है। लोग प्रशासन से तुरंत समाधान की माँग कर रहे हैं, ताकि वर्षों पुराने रास्ते पर पुनः आवागमन सुचारु हो सके।
