
दुदही/कुशीनागर
कुशीनगर जनपद के दुदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे एसडीएम (न्यायिक) जफर इकबाल ने औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही सीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सभी कर्मचारी मौके पर पहुँच गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल के लेखा-जोखा रजिस्टर, ओपीडी रजिस्टर तथा ब्लड जांच रजिस्टर की गहनता से जांच की। जब एसडीएम ने पूछा कि पिछले एक दिन में कितने मरीज आए, तो सीएचसी प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि सोमवार को पांच सौ मरीज आए थे।
हालांकि, ब्लड जांच रजिस्टर व अन्य अभिलेखों की सही प्रविष्टियां न मिलने और कई स्थानों पर खामियां पाए जाने पर एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली में सुधार करने और रजिस्टरों को नियमित एवं पारदर्शी तरीके से भरने का निर्देश दिया।
एसडीएम जफर इकबाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इसी तरह औचक निरीक्षण किए जाएंगे।
