

कुशीनगर, 25 सितम्बर।
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के प्रस्तावित ट्रांजिट भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कुशीनगर श्री महेन्द्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में अधिकारियों को त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं और प्रोटोकॉल अनुपालन में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। अग्रिम सुरक्षा संपर्क (एएसएल) की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई और सभी जिम्मेदार विभागों को अपनी-अपनी भूमिका तय समय से पूर्व पूरी करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता बनाने के लिए स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई। एयरपोर्ट और ट्रांजिट स्थल पर ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी निगरानी के आदेश दिए गए। संभावित भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने के लिए इंटेलिजेंस इनपुट्स के आधार पर रणनीति तैयार की गई।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु ट्रांजिट मार्ग पर डायवर्जन प्लान को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन का जीवन न्यूनतम प्रभावित हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था और बैरियर प्वाइंट्स की स्थापना की जाएगी। साथ ही, आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और चिकित्सा दल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि गृह मंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएंगी और कार्यक्रम को सफल एवं सुरक्षित बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।




