
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर | विशेष संवाददाता की खास रिपोर्ट
कुशीनगर जनपद में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े सरेराह जानलेवा हमले होने लगे हैं। विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चटांगवा बड़ी गंडक नहर से बड़हरा बुजुर्ग मार्ग पर उस समय सनसनी फैल गई, जब अपाचे बाइक सवार एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी अपाचे बाइक से जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे रोककर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गर्दन और ऊपरी हिस्से पर किए गए हमले से युवक सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। सड़क पर खून से सना दृश्य देखकर राहगीरों के होश उड़ गए।
घायल युवक की पहचान इरफान, निवासी कोकिल पट्टी, थाना विशुनपुरा के रूप में हुई है। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। विशुनपुरा पुलिस के साथ-साथ उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।
इस सनसनीखेज हमले को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आमजन भयभीत है और पुलिस गश्त नाकाफी साबित हो रही है। लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है। थाना प्रभारी विशुनपुरा ने बताया, “घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित हमला प्रतीत होता है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है और पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सख्त रुख अपनाया गया है।
