
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर से खास रिपोर्ट
कुशीनगर जनपद के दुदही प्रखंड अंतर्गत बभनौली बाजार की सेवा बस्ती में रविवार को मानवता, करुणा और सेवा का ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर मौजूद व्यक्ति की आंखें नम कर दीं।
विश्व हिंदू परिषद, जिला पडरौना – गोरक्ष प्रांत, सेवा विभाग द्वारा 21 दिसंबर 2025 को आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर न सिर्फ एक कार्यक्रम था, बल्कि पीड़ा में कराहते लोगों के लिए उम्मीद की एक रोशनी बनकर सामने आया।
सुबह से ही महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे कतार में खड़े नजर आए। कोई जोड़ों के दर्द से परेशान था, तो कोई लंबे समय से इलाज के अभाव में मजबूर था। ऐसे में डॉ. अरुण कुमार तिवारी, डॉ. सागर कृष्ण मौर्य (प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, नटवलिया), डॉ. अनिल कुशवाहा और डॉ. अश्वनी कुमार चतुर्वेदी ने बिना किसी भेदभाव के हर पीड़ित का इलाज कर मानवीय सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला अध्यक्ष मुकेश तिवारी ने कहा कि “सेवा बस्ती में सेवा करना ही संगठन का असली उद्देश्य है।”
इस अवसर पर जिला मंत्री सुरेंद्र सिंह, सह मंत्री माणिक्य के जी, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख वेद प्रकाश जी, आचार्य-पुरोहित संपर्क प्रमुख अभय जी, प्रखंड सह मंत्री मारकंडे जी सहित अनेक कार्यकर्ता सेवा भाव में जुटे रहे।
चिकित्सा शिविर में सैकड़ों स्त्री-पुरुषों ने उपचार और दवाइयों का लाभ प्राप्त किया। इलाज के बाद मरीजों के चेहरे पर दिखती मुस्कान ने पूरे आयोजन को सार्थक बना दिया। कई लोगों ने भावुक होकर कहा कि “आज पहली बार किसी संगठन ने हमारे दर्द को महसूस किया।”
समापन अवसर पर दुदही प्रखंड अध्यक्ष एवं लाभार्थियों ने संगठन और चिकित्सकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ऐसे शिविरों को लगातार आयोजित करने की मांग की।
यह शिविर साबित करता है कि विश्व हिंदू परिषद केवल संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और समर्पण का जीवंत प्रतीक है।
















