

कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी और जिला प्रोबेशन अधिकारी ध्रुव चंद्र त्रिपाठी के निर्देशानुसार शनिवार को मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत ‘शक्ति संवाद कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुशीनगर की सांसद विजय दुबे ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और आम नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय दुबे ने कहा कि “आज की बालिकाएं हर क्षेत्र में अपनी सफलता का परचम लहरा रही हैं। महिलाएं न केवल प्रशासनिक और शैक्षिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं, बल्कि घर और कार्यालय दोनों को समान दक्षता से संभाल रही हैं।” उन्होंने महिलाओं को शक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि “महिला और पुरुष दोनों के साथ चलने से ही घर, समाज और राष्ट्र मजबूत बनता है।”
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ध्रुव चंद्र त्रिपाठी ने महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112) की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है।
पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि किसी महिला को अपने कार्यक्षेत्र या कहीं भी असुविधा या उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है, तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें — पुलिस हर समय मदद के लिए तैयार है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने महिलाओं को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जागरूक किया। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले बदलावों और उनके प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह सहित विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरणादायी साबित हुआ, बल्कि समाज में महिला-पुरुष समानता का सशक्त संदेश भी दिया।
