
कुशीनगर। दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज और छठ पर्व जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनज़र जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के निर्देश पर यह अभियान 8 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक चलाया गया।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार राय के नेतृत्व में टीमों ने पडरौना, हाटा, खड्डा, कसया, तमकुहीराज समेत जनपद के प्रमुख बाजारों में छापेमारी की। इस दौरान मिठाई, दूध, पनीर, खोया, घी, नमकीन और तेल जैसे त्योहारी खाद्य पदार्थों के कुल 21 नमूने एकत्र किए गए। सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना दोषपूर्ण या मिलावटी पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों, मिठाई निर्माताओं और खाद्य व्यवसायियों को स्वच्छता, हाइजीन और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के लिए जागरूक किया। टीम ने यह भी चेताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर सख्त नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण तिथि व एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। यदि कहीं मिलावट या घटिया खाद्य पदार्थ की आशंका हो, तो इसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
जिला प्रशासन ने बताया कि त्योहारों के इस मौसम में मिलावटखोरों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और यह अभियान त्योहारों के पूरे सीजन में जारी रहेगा, ताकि जनपद कुशीनगर में शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
(रिपोर्ट: धर्मेन्द्र पांडेय)



