


21 नवंबर | विलेज फ़ास्ट टाइम्स, कुशीनगर विशुनपुरा विकास खण्ड के अन्तर्गत पकड़ीयार ग्राम पंचायत में गुरुवार को बाल कल्याण समिति की एक सशक्त एवं सार्थक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों और महिलाओं से जुड़े जमीनी मुद्दों पर चर्चा करना तथा सरकारी योजनाओं की उपयोगिता से आमजन को अवगत कराना रहा। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
बैठक की मुख्य कड़ी रहे हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर श्री नलिन सिंह, जिन्होंने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन तथा दत्तक ग्रहण इकाई सहित सभी योजनाओं की पात्रता, लाभ और प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया।
उन्होंने स्काउट–गाइडों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि “सरकारी योजनाएं तभी सफल होती हैं जब जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। आप सभी जागरूकता के वाहक बनें और महिलाओं-बच्चों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।”
इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री अभिषेक कुमार सिंह ने प्रदेश में संचालित सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों तथा उनकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि—
1098—चाइल्ड हेल्पलाइन
181—वन स्टॉप सेंटर
1090—महिला हेल्पलाइन
112—आपातकालीन सेवा
108—स्वास्थ्य एम्बुलेंस
102—जननी सुरक्षा एम्बुलेंस
इन सभी नंबरों का उपयोग संकट की स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की बाल उत्पीड़न, शोषण या संकट की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के बीच जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए, जिनमें योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीति सिंह, बन्दना कुशवाहा, स्टाफ नर्स शशिकला कुशवाहा, केसवर्कर आदर्श सिंह सहित ग्राम पंचायत के सम्मानित नागरिक, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने ऐसी बैठकों के लगातार आयोजन की आवश्यकता जताते हुए इसे “बहुत उपयोगी और जागरूकता बढ़ाने वाला कार्यक्रम” बताया।
विलेज फ़ास्ट टाइम्स के लिए यह रिपोर्ट—पकड़ीयार से।
