
विलेज फास्ट टाइम्स • जनपद कुशीनगर
दिनांक – 06.12.2025
कुशीनगर। जिले के पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने शुक्रवार की देर रात अचानक थाना चौराखास पहुँचकर ऐसा निरीक्षण किया कि पूरे थाना परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप जैसा माहौल बन गया। बिना किसी पूर्व सूचना के किये गये इस आकस्मिक निरीक्षण ने साफ कर दिया कि जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस कप्तान पूरी तरह गंभीर हैं और किसी भी स्तर पर शिथिलता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण अभिलेखों—अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, हत्या/बलवा संबंधित रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर सहित सभी रिकॉर्ड को बारीकी से देखा। कई अभिलेखों को अपडेट न मिलने पर उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “रिकॉर्ड व्यवस्था पुलिसिंग की रीढ़ है, इसमें कमी को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने थानाध्यक्ष को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अभिलेख समय-समय पर अद्यावधिक रहें और उनका सुरक्षित रखरखाव सर्वोच्च प्राथमिकता पर हो।
जनसुनवाई, मिशन शक्ति, गो-तस्करी, शराब तस्करी और महिला अपराधों पर विशेष रूप से जोर देते हुए एसपी ने कहा कि इन मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता दोनों अनिवार्य हैं। उन्होंने टीम को निर्देशित किया कि महिला सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सीधे जिम्मेदारी तय होगी।
करप्शन पर शून्य सहनशीलता की नीति को दोहराते हुए एसपी ने कहा—
“थाने में भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं। शिकायत मिली तो सीधी कार्रवाई होगी।”
थाना परिसर की साफ-सफाई पर भी उन्होंने असंतोष जताते हुए निर्देश दिया कि थाना परिसर और कार्यालय दोनों की स्वच्छता हमेशा उत्कृष्ट स्तर की हो। उन्होंने साफ कहा कि “थाना पुलिस की छवि का आईना होता है, इसकी व्यवस्था में कमी अस्वीकार्य है।”
देर रात के इस निरीक्षण ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश दे दिया है—
कुशीनगर पुलिस अब पूरी तरह चौकन्नी मोड में है, और कप्तान की पैनी नजर हर गतिविधि पर बनी हुई है।






