



72.5 एकड़ में विकसित होगा बहुउद्देशीय प्रोजेक्ट, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
02 फरवरी | विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के समग्र विकास को नई गति देने की दिशा में एक अहम पहल के तहत तमकुहीराज तहसील क्षेत्र अंतर्गत बिहार सीमा से सटे रजवटिया गांव में प्रस्तावित अत्याधुनिक मल्टीमॉडल (बहुउद्देशीय) हब के निर्माण को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। सोमवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति, संभावनाओं एवं आवश्यक औपचारिकताओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि लगभग 72.5 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाला यह मल्टीमॉडल हब जनपद के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस बहुउद्देशीय परियोजना के अंतर्गत अटल आवासीय विद्यालय की स्थापना प्रस्तावित है, जिसके लिए मिट्टी भराई का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) शीघ्र तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिग्रहीत भूमि का समुचित सीमांकन कराया जाए तथा बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु अलग से डीपीआर बनाकर शासन को प्रेषित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रस्तावित मुख्य प्रवेश द्वार (गेट) का डिजाइन ऐसा हो, जिसमें जनपद कुशीनगर की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान और धार्मिक महत्व स्पष्ट रूप से झलके।
प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया कि इस परियोजना के विकास हेतु संबंधित भूमि को आवास विकास परिषद को हैंडओवर कर दिया गया है। अधिग्रहीत क्षेत्र में स्थित पाँच छोटे तालाबों को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि सभी तालाबों को एकीकृत कर उनका सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में कोई भी लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि पूर्व में शासन को 5 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित ड्राइंग भेजी गई थी, जिसे शासन के निर्देशानुसार अब 9 एकड़ क्षेत्रफल में संशोधित किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक अग्रेतर कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जा सके।
निरीक्षण अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, उप जिलाधिकारी तमकुहीराज श्रीमती आकांक्षा मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मुकेश, प्रिंस सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि यह मल्टीमॉडल हब भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और व्यापार के क्षेत्र में कुशीनगर को एक नई पहचान दिलाएगा। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र के विकास, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में यह परियोजना निर्णायक भूमिका निभाएगी।
