
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक – 11 नवम्बर 2025
कुशीनगर। पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने सोमवार को पुलिस कार्यालय स्थित सम्मेलन कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और शाखा प्रभारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, विवेचना निस्तारण, जनसुनवाई, मिशन शक्ति अभियान और निरोधात्मक कार्यवाहियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, गो-तस्करी और शराब तस्करी जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान एसपी ने जनसुनवाई के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हर थाने में आने वाले पीड़ित को न्याय की गारंटी महसूस होनी चाहिए। उन्होंने विवेचना की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
श्री केशव कुमार ने सभी अधिकारियों को “करप्शन पर जीरो टॉलरेंस” की नीति पर अमल करने को कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली जनता के विश्वास को मजबूत करने वाली होनी चाहिए, क्योंकि “जनता का भरोसा ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है।”
बैठक के अंत में उन्होंने सभी को सजग, संवेदनशील और जिम्मेदार रवैया अपनाने की हिदायत दी तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए टीमवर्क और अनुशासन पर बल दिया।
विलेज फास्ट टाइम्स ब्यूरो, कुशीनगर
